उत्तराखंड

उत्तरकाशी आपदा: मुख्यमंत्री धामी पहुँचे स्यानाचट्टी, हालात का लिया जायजा

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद के स्यानाचट्टी में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएँ सुनीं और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

यमुना नदी में गडगाड गदेरे से मलबा आने के कारण बने अस्थायी झील का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने त्वरित जल निकासी के निर्देश दिए। उन्होंने नदी मार्ग से गाद हटाने और झील के मुहाने को चौड़ा करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को स्थानीय लोगों के नुकसान का तत्काल आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा आलू की फसल की उचित मूल्य पर खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कुपड़ा-कुंशाला पुल का निरीक्षण कर जल्द निर्माण कार्य शुरू करने और तब तक वैकल्पिक पैदल मार्ग व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए।

सीएम धामी ने कहा कि भूस्खलन से बाधित मार्गों को जल्द खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं और यमुनोत्री मार्ग को सुचारू करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और शीघ्र ही उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button